विभागीय परीक्षा के माध्यम से की जाएगी 62 नायब तहसीलदार के पदों की पूर्ति
भोपाल। प्रदेश में पटवारी, राजस्व निरीक्षक और लिपिक संवर्गीय विभागीय परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। राजस्व विभाग में स्नातक पटवारी, आरआई, लिपिक के स्वीकृत पदों की कुल संख्या के आधार पर 5 प्रतिशत या संवर्ग में सीधी भर्ती के रिक्त पदों की संख्या में से जो कम हो उस पर नियुक्ति करने की प्रक्रिया प्रशासकीय विभाग द्वारा किये जाने की अनुमति वित्त विभाग द्वारा 13 अगस्त 2021 को जारी परिपत्र के जरिये दी गई है।इसके लिए विभागीय परीक्षा के माध्यम से नायब तहसीलदार के पद भरने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके जरिये नायब तहसीलदार पद पर 27 और लिपिक वर्ग के 35 पदों समेत कुल 62 पद की विभागीय परीक्षा होना है। इसके लिए पीईबी को पद भरने के लिए विज्ञापन जारी करने के लिए कहा गया है। भर्ती नियमों में अगर कोई संशोधन हुआ है तो उसकी भी जानकारी पीआरसी से मांगी गई है।
गोपनीय चरित्रावली की भूमिका खत्म- विभाग ने परीक्षा में गोपनीय चरित्रावली (सीआर) को महत्व देने की व्यवस्था भी खत्म कर दी है। अब परीक्षा में मिले नंबरों के आधार पर रिक्त पदों पर नियुक्ति होगी। लिपिक वर्ग से आने वाले नायब तहसीलदारों की वरिष्ठता योग्यता के आधार पर बनने वाले चयन सूची से तय होगी।
वस्तुनिष्ठ होंगे सवाल- परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों में 100-100 अंकों के वस्तुनिष्ठ सवाल पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र ढाई घंटे का रखा जाएगा। राजस्व अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा में प्रदेश से जुड़े सामान्य ज्ञान से लेकर विभागीय नियम-कायदों से जुड़े सवाल पूछे जाएंंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें